भाजपा हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव - सांसद धर्मबीर सिंह

सांसद धर्मबीर सिंह ने दादरी के गांव बधवाना, कादमा सहित कई गांवों में भाजपा सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे महासम्पर्क अभियान कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों को संबोधित किया।

चरखी दादरी। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा से भाजपा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह के बयान से हरियाणा में जजपा-भाजपा गठबंधन में संशय बन गया है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगी और भारी बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी। सांसद धर्मबीर सिंह ने दादरी के गांव बधवाना, कादमा सहित कई गांवों में भाजपा सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे महासम्पर्क अभियान कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने ग्रामीणों को भाजपा सरकार की नीतियों से अवगत करवाया। सांसद ने कहा कि 19 जून को भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र में एक रैली का आयोजन किया जाएगा।

सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। किसान सम्मान निधि योजना किसानो के लिए बहुत कारगर साबित हो रही है। कहा कि खिलाड़ी हमारे देश की शान है जिन्होंने खेलो में सराहनीय प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता और विश्व में अपना परचम लहराया। खिलाड़ियों को न्याय मिलना चाहिए भाजपा इसके पक्षधर हैं और हम उम्मीद करते है कि जल्द ही खिलाड़ियों को उचित मिलेगा। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि भाजपा का संगठन मजबूत है और भारतीय जनता पार्टी सभी वर्गों का समान विकास करने वाली पार्टी है।