राज्यसभा सांसद जांगड़ा ने पूर्व सरकार पर साधा निशाना

राज्यसभा सांसद रामचन्द्र जांगड़ा ने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा है कि पहले की सरकारों में नौकरियों के नाम पर केवल घोटाला होता था।

राज्यसभा सांसद जांगड़ा ने पूर्व सरकार पर साधा निशाना

झज्जर (संजीत खन्ना) || राज्यसभा सांसद रामचन्द्र जांगड़ा ने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा है कि पहले की सरकारों में नौकरियों के नाम पर केवल घोटाला होता था। जबकि भाजपा शासन में पारदर्शिता व योग्यता के आधार पर ही रोजगार दिया जाता है। जांगड़ा रविवार को गांव माछरौली में पिछड़ा वर्ग की तरफ से आयोजित अपने सम्मान समारोह से पूर्व झज्जर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

यहां उन्होंने कहा कि मानते है कि आज भी थोड़ा-बहुत भ्रष्टाचार है,लेकिन यह सब पूर्व सरकारों की देन है। उनका दावा है कि भाजपा 2024 तक पूर्व की सरकारों द्वारा खोदे गए इन भ्रष्टाचारी गड्ढों को पूरी तरह से भर देगी। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी महामारी के दौरान भी देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को मजबूत किया है। देश आर्थिक तंगी से जूझ रहा है,लेकिन उसके बाद भी देश म राफेल आए है। देश को मजबूत और सुरक्षित करने के लिए पीएम ने महामारी के दौरान भी राफेल खरीदे। उन्होंने पीएम मोदी की रक्षा व विदेश नीति दोनों की सराहना की और कहाकि उन्हीं की बदौलत आज भारत को विदेशों में एक अलग दृष्टि से देखा जा रहा है। अगर यूएइ में भी 15 अगस्त को तिरंगा फहराया जाता है तो यह पीएम की विदेश नीति का ही परिणाम है। जांगडा़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मेक इन इंडिया व आत्मनिर्भर भारत दोनों ही अच्छे कदम है। कारण कि सरकार चाहती है कि युवा शक्ति का राष्ट्र निर्माण में सदुपयोग किया जाए। इसी के चलते विकास की अनेक योजनाएं लागू किए जाने पर काम चल रहा है। जिसके जल्द ही सार्थक परिणाम देखने को मिलेंगे। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष विक्रम कादयान,डा.राकेश,पिछड़ा वर्ग के महेन्द्र सैन,मास्टर द्वारका भी मौजूद थे।