सीएम के जनसंवाद कार्यक्रम पर भूपेंद्र हुड्डा की टिप्पणी

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 9 साल के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री को जनता की याद आई है। लेकिन यह जनसंवाद कार्यक्रम नही स्वयं संवाद कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम में सब कुछ इन्हीं की मर्जी से होता है, लोगों की समस्याएं सुनने का काम नहीं होता। जनसंवाद लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए होता है।

रोहतक। सीएम हरियाणा के जनसंवाद कार्यक्रम में जिस तरीके से नए-नए विवाद जन्म ले रहे हैं, उस पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपनी टिप्पणी करते हुए कहा है कि यह जनसंवाद नही स्वयं संवाद कार्यक्रम है। चाहे कोई कितने भी बड़े पद पर क्यों ना बैठा हो उसे संयम बरतना चाहिए। गोली लाठी से कोई सरकार नहीं चलती है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने विधानसभा क्षेत्र गढ़ी सांपला किलोई हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के लिए पहुंचे थे।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 9 साल के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री को जनता की याद आई है। लेकिन यह जनसंवाद कार्यक्रम नही स्वयं संवाद कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम में सब कुछ इन्हीं की मर्जी से होता है, लोगों की समस्याएं सुनने का काम नहीं होता। जनसंवाद लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए होता है। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में गोली और लाठी की सरकार कभी नहीं चलती है, सरकार संवाद और समाधान से चलती है। उच्च पद पर कोई भी व्यक्ति बैठा हो उसे संयम और गंभीरता से काम लेना चाहिए और लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

साथ ही उन्होंने हरियाणा सरकार पर आरोप लगाया कि इनकी कोई भी भर्ती कामयाब नहीं हुई है और यहां भर्तियों में परचून की दुकान खुली हुई है। इनके केंद्र के मंत्री तो यह बयान देते हैं की पिछले साल सवा लाख लोगों का रोजगार छूट गया है। ऐसे में यह कहां से नए लोगों को रोजगार देंगे। प्रदेश के युवाओं को दरकिनार करके बाहर के प्रदेशों के युवाओं को नौकरियां दी जा रही है। साथ ही कांग्रेस की गुटबाजी को लेकर भूपेंद्र हुड्डा बोले कि कांग्रेस पार्टी में कोई असंतुष्ट नहीं है। यह सिर्फ मीडिया की देन है।