कश्मीर में फिर भू-स्खलन, तीसरे दिन भी श्रीनगर-लेह राजमार्ग रहा बंद

लगातार हो रही बारिश के कारण दोपहर बाद रामबन के पंथयाल में भूस्खलन होने से कश्मीर घाटी का भी जम्मू से सड़क संपर्क टूट गया। वहाँ भी पहाड़ से पत्थरों का गिरना जारी है। लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों को रोक दिया गया है।

कश्मीर में फिर भू-स्खलन, तीसरे दिन भी श्रीनगर-लेह राजमार्ग रहा बंद
प्रतीकात्मक चित्र

कश्मीर को लद्दाख से जोड़ने वाला 434 किलोमीटर लंबा राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार तीसरे दिन भी बंद है। शुक्रवार को जारी बारिश के कारण एक बार फिर मार्ग पर भूस्खलन हुआ है। बीआरओ के सिविल एग्जीक्यूटिव इंजीनियर आफिसर कमांडिंग ने कहा कि यह मार्ग आज 27 जुलाई को फिलहाल मरम्मत कार्य के चलते पूरा दिन बंद रहेगा। 28 जुलाई को भी इस मार्ग पर वाहनों को चलने की इजाजत होगी या नहीं इस बारे में आज शाम तक सूचित कर दिया जाएगा। वहीं लगातार हो रही बारिश के कारण दोपहर बाद रामबन के पंथयाल में भूस्खलन होने से कश्मीर घाटी का भी जम्मू से सड़क संपर्क टूट गया। वहाँ भी पहाड़ से पत्थरों का गिरना जारी है।
प्रतीकात्मक चित्र
लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों को रोक दिया गया है। यह गनीमत है कि जिस समय यह भूस्खलन हुआ उस दौरान तक जम्मू से पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुई अमरनाथ यात्रा सुरक्षित निकल चुकी थी। ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बारिश थमने के बाद मार्ग पर गिरे मलवे को हटाने का काम शुरू किया जाएगा। 

वहीं बीआरओ अधिकारियों ने श्रीनगर-लेह मार्ग की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि जोजिया पास में गत गुरुवार रात को बादल फटने से सड़क को काफी क्षति पहुंची है। इसके अलावा तीन दिन से जारी बारिश के कारण और कई जगह भूस्खलन हुआ है। ऐसे में यह मार्ग अभी तक यातायात के लिए सुरक्षित नहीं है।

श्रीनगर-लेह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है। बर्फबारी शुरू होने से पहले लेह-लद्दाख में आवश्यक सामग्री का भंडारण करने के लिए इन दिनों ट्रकों से सप्लाई भेजी जा रही है। पिछले तीन दिनों से यह मार्ग बंद होने के कारण ट्रक सोनामर्ग व श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही रूके हुए हैं। बीकन के अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को कुछ समय के लिए मार्ग को खोला गया था परंतु दोपहर बाद एक बार फिर पहाड़ से मलवा सड़क पर उतर जाने के कारण इसे बंद करना पड़ा। मशीनों व कर्मचारियों की मदद से मरम्मत कार्य चल रहा है। शुक्रवार को बारिश के दौरान पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा फिर टूट कर सड़क के बीचों-बीच गिर गया था और उसे जोजिला मार्ग को बंद कर दिया।

उन्होंने कहा कि कुछ छोटे वाहनों को लद्दाख से कश्मीर की ओर आने की अनुमति दी जा रही थी परंतु सुबह वह भी बंद कर दी गई। श्रीनगर-लद्दाख मार्ग बंद होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर फंसे वाहनों की जानकारी मिलने पर डीसी गांदरबल हशमत अली खान ने शुक्रवार को जोजिला, सोनमर्ग का दौरा किया। उन्होंने सड़क की मरम्मत का कार्य जल्द पूरा करने और फंसे वाहनों को हर संभव सुविधा प्रदान करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने इस दौरान सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों के साथ बातचीत भी की। बीआरबो अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही सड़क को जल्द से जल्द खोल दिया जाएगा।