भाजपा की नीतियों व फैसलों से महामारी की तरह फैल रही है बेरोजगारी व महंगाई : डॉ. अशोक तंवर

हरियाणा में आबादी के हिसाब से 9 लाख कर्मचारी होने चाहिए, लेकिन नियमित कर्मचारियों की संख्या 3 लाख 38 हजार 921 है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में एक लाख 80 हजार पद खाली पड़े हैं और प्रदेश सरकार ने अप्रैल 2023 से 13 हजार पदों को ही समाप्त कर दिया। यही नहीं प्रदेश में चिकित्सा व्यवस्था का हाल बेहाल है, हरियाणा में आबादी के हिसाब से 10 हजार चिकित्सक होने चाहिए, लेकिन अभी प्रदेश में 4 हजार ही चिकित्सक है तथा चिकित्सकों के 6 हजार पद खाली पड़े हैं।

भिवानी || भाजपा सरकार ने आमजन को प्रताड़ित करने वाली नीतियों से आज प्रदेश व देश में बेरोजगारी व महंगाई एक महामारी की तरह फैल रही है, जिस ओर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। सुशासन देने का दावा करने वाली भाजपा ने जनता को कमरतोड़ महंगाई व ऐतिहासिक बेरोजगारी की सौगात दी है। वहीं  बेरोजगारी से त्रस्त जिस युवा को रोजगार कर समाज व राष्ट्र की तरक्की में योगदान देना चाहिए, वह बेरोजगारी की मार झेलते हुए या सडक़ों पर है या अपराध की राह अपना रहा है। यह आरोप आम आदमी पार्टी की कैंपन कमेटी चेयरमैन एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने महंगाई व बेरोजगारी की तरफ सरकार का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से वीरवार को शहर में प्रदर्शन करते हुए कही। इस दौरान पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर के नेतृत्व में आप कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा। 
पूर्व सांसद अशोक तंवर ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में हर वर्ष साढ़े 5 हजार कर्मचारी रिटायर होते हैं, लेकिन नई भर्ती का आंकड़ा बहुत कम है। हरियाणा में आबादी के हिसाब से 9 लाख कर्मचारी होने चाहिए, लेकिन नियमित कर्मचारियों की संख्या 3 लाख 38 हजार 921 है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में एक लाख 80 हजार पद खाली पड़े हैं और प्रदेश सरकार ने अप्रैल 2023 से 13 हजार पदों को ही समाप्त कर दिया। यही नहीं प्रदेश में चिकित्सा व्यवस्था का हाल बेहाल है, हरियाणा में आबादी के हिसाब से 10 हजार चिकित्सक होने चाहिए, लेकिन अभी प्रदेश में 4 हजार ही चिकित्सक है तथा चिकित्सकों के 6 हजार पद खाली पड़े हैं। ऐसा ही प्रकोप महंगाई का छाया हुआ है, जिसने आम आदमी की कमर तोडक़र रख दी है। 

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य पवन हिंदुस्तानी ने कहा कि आंकड़ों की बात की जाए तो प्रदेश में 25 लाख युवा बेरोजगार हैं। जिसमें से 19 लाख 22 हजार बेरोजगार 20 से 24 आयु के बीच हैं। उन्होंने कहा कि हर तीन स्नातक युवाओं में से एक बेरोजगार है। यही नहीं स्नातक और उससे ऊपर की योग्यता रखने वाले बेरोजगारों की संख्या 6 लाख 2 हजार है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश व प्रदेश में बेरोजगारी व महंगाई इस कदर हावी हो रही है कि पूरा देश तड़प रहा है। लेकिन उसके बावजूद भाजपा सरकार का इन अहम मुद्दों की तरफ कोई ध्यान नहीं है।