लिपिक कर्मचारियों की सरकार को चेतावनी, 35400 ग्रेड नहीं तो वोट नहीं

क्लेरिकल एसोसिएशन वेल्फेयर सोसायटी के आह्वान पर सरकारी विभागों के कर्मचारियों ने सरकार से वार्ता नहीं होने व मांगे पूरी नहीं करने पर हड़ताल करते हुए जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी थी। इसी कड़ी में लिपिक कर्मचारियों ने दादरी के लघु सचिवालय परिसर में धरना देते हुए रोष प्रदर्शन किया।

चरखी दादरी || सरकारी विभागों में कार्यरत लिपिक कर्मचारी अब सरकार की चिंता बढ़ा सकते हैं। प्रदेशभर के लिपिक कर्मचारियों द्वारा जिला मुख्यालयों पर अनिश्चितकालीन धरने शुरू करने की कड़ी में चरखी दादरी में भी सरकारी विभागों के कर्मचारियों ने 35400 ग्रेड की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। धरनारत कर्मचारियों ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी कि 35400 ग्रेड नहीं तो वोट नहीं। साथ ही धरने पर बैठे कर्मचारियों ने नौकरी छोड़ने की चेतावनी देते हुए कहा कि अब सिर्फ 35400 ग्रेड लेना ही उनका मकसद है। इसके लिए आर-पार की लड़ाई लड़ने की रणनीति तैयार की जा रही है।
बता दें कि क्लेरिकल एसोसिएशन वेल्फेयर सोसायटी के आह्वान पर सरकारी विभागों के कर्मचारियों ने सरकार से वार्ता नहीं होने व मांगे पूरी नहीं करने पर हड़ताल करते हुए जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी थी। इसी कड़ी में लिपिक कर्मचारियों ने दादरी के लघु सचिवालय परिसर में धरना देते हुए रोष प्रदर्शन किया। सरकारी विभागों के कर्मचारियों ने धरने पर सरकार से मांगे पूरी नहीं करने का आरोप लगाया। साथ ही करनाल में सरकार से वार्ता करवाकर समाधान करने के दावों को भी खोखला बताया। धरने पर महिला कर्मचारी भी काफी संख्या मंे शामिल रही।

धरने की अगुवाई कर रहे क्लेरिकल एसोसिएशन वेल्फेयर सोसायटी के जिला प्रधान प्रदीप सांगवान ने कहा कि प्रदेश भर के लिपिक कर्मचारी 35400 ग्रेड की मांग को लेकर एकजुट हैं। करनाल में सरकार से वार्ता करवाने व समाधान का आश्वासन मिला था। बावजूद इसके लिपिक वर्ग की मांग को पूरा नहीं किया। अब उनकी हड़ताल व धरना अनिश्चितकालीन रहेगा। हकों को लेकर चाहे कितने दिन बैठना पड़े, आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। साथ ही कहा कि सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी तो विधानसभा चुनावों में परिवार के साथ मिलकर वोट की चोट से आइना दिखाएंगे।