ब्राह्मण समाज का डिप्टी सीएम बनाने का ऐलान हुड्डा के लिए बना गले की फांस

बत्रा ने कहा कि जनता कांग्रेस की सरकार बनना चाहती है, लेकिन क्या हुड्डा उस सरकार को नहीं बनने देना चाहते। उन्होंने कहा कि जिस पंजाबी समाज में हमेशा भूपेंद्र हुड्डा का साथ दिया है उसके बारे में एक भी शब्द बोलने से क्यों कतराते हैं।

रोहतक || ब्राह्मण सम्मेलन में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में कांग्रेस प्रतिपक्ष नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ब्राह्मण उप-मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान क्या किया खुद कांग्रेसी ही हल्ला मचाने में जुटे हुए हैं। जहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने आला कमान द्वारा कोई भी फैसला लिए जाने की बात कही थी, वहीं  आज पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुभाष बत्रा ने तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा को अहंकारी करार दे दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कभी भी जातिवाद की राजनीति नहीं की है। लेकिन भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस तरह के बयान देकर जातिवादी राजनीति को जन्म दे रहे हैं। यह कहीं ना कहीं उनका अहंकार है और इस अहंकार की वजह से वह कांग्रेस पार्टी को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने अपने आप को तो मुख्यमंत्री डिक्लेयर कर लिया और अब कैबिनेट भी बनाने में जुटे हुए हैं। इसे लेकर के उन्होंने कांग्रेस आला कमान को पत्र भी लिखा है सुभाष बत्रा अपने आवास पर एक प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। बत्रा ने कहा कि जनता कांग्रेस की सरकार बनना चाहती है, लेकिन क्या हुड्डा उस सरकार को नहीं बनने देना चाहते। उन्होंने कहा कि जिस पंजाबी समाज में हमेशा भूपेंद्र हुड्डा का साथ दिया है उसके बारे में एक भी शब्द बोलने से क्यों कतराते हैं। भाजपा ने कम से कम पंजाबी मुख्यमंत्री तो बना रखा है। उन्होंने कहा की अहंकार की वजह से तो रावण का भी अंत हो गया था।