पन्ना प्रमुख सम्मेलन में कृषि मंत्री व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने किया जनसभा को संबोधित

अमेरिका व इजराईल के बाद भारत दुनिया में ऐसे तीसरे देश के रूप में उभरा है जो उन पर हमला करने वालो को दुनिया के किसी भी हिस्से में पहुंचकर जवाब दे सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के चलते भारत दुनिया की पांचवी बड़ी आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि 18 जून से 30 जून तक प्रदेश के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में रैलियों का आयोजन भाजपा द्वारा करवाया जाएगा।

भिवानी || हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल के 9 वर्ष पूरा होने के चलते हरियाणा प्रदेश में कल गृह मंत्री अमित शाह हर लोकसभा की रैलियों की सिरसा लोकसभा से शुरूआत करेंगे। यह बात उन्होंने भिवानी के बहल में पन्ना प्रमुख सम्मेलन के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने कृषि, बिजली, बागवानी व पशुपालन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को भी आमजन से सांझा किया।
हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में दुनिया भर में भारत देश का नाम रोशन हुआ है। अमेरिका व इजराईल के बाद भारत दुनिया में ऐसे तीसरे देश के रूप में उभरा है जो उन पर हमला करने वालो को दुनिया के किसी भी हिस्से में पहुंचकर जवाब दे सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के चलते भारत दुनिया की पांचवी बड़ी आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि 18 जून से 30 जून तक प्रदेश के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में रैलियों का आयोजन भाजपा द्वारा करवाया जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का हरियाणा में कोई अस्तित्व नहीं है। जो पार्टी माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद भी हरियाणा के हिस्से का पानी उसे नहीं दे रही है, उसका हरियाणा में कोई अस्तित्व नहीं है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के पानी को हिमाचल के रास्ते से लाए जाने पर भी गंभीरता से विचार हो रहा है।

इस मौके पर कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रदेश के किसानों को साहूकारों के चंगुल से बाहर निकालने का कार्य किया है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से योजनाओं का पैसा सीधे तौर पर पहुंच रहा है। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेची गई फसलों की राशि 72 घंटों में किसानों को पहुंचाई जा रही है। देरी होने पर किसानों को इसका ब्याज भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा लोहारू हल्के के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने का कार्य भाजपा के कार्यकाल में संभव हो पाया है। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोटे अनाजों के महत्व को देखते हुए वर्ष 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मिलिट्स वर्ष घोषित करवाया है। इससे हरियाणा का मोटे अनाज बाजरे का भाव 2500 रूपये घोषित किया गया है। आने वाले समय में यूरोप व अमेरिका जैसे देश हवाई जहाजों के माध्यम से हरियाणा प्रदेश के बाजरे को आयात करेंगे। उन्होंने भविष्य में बाजरे की फसल डॉलर में बिकने की बात भी कही। जिससे प्रदेश का किसान खुशहाल होगा। उन्होंने कहा कि अटल किसान मजदूर कैंटीन योजना के तहत किसानों का अनाज मंडियों में मात्र 10 रूपये में खाना उपलब्ध करवाया जा रहा है। प्रदेश के शुगर मीलों की क्षमता बढ़ाने का कार्य भी वर्तमान राज्य सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने अब तक के कार्यकाल में 6184 करोड़ रूपये का मुआवजा प्रदेश के किसानों को देने का कार्य किया है। अब जब प्राकृतिक आपदा आती है, उसका नुकसान किसान को नहीं होता, बल्कि इसकी भरपाई प्रदेश सरकार फसल बीमा योजना के तहत करती है।