हरियाणा में कांग्रेस पार्टी अकेले चुनाव लड़ने में पूरी तरह से सक्षम- भूपेंद्र सिंह हुड्डा

उन्होंने कहा कि सीईटी और कौशल रोजगार प्रदेश के युवाओं के साथ एक बहुत बड़ा धोखा हैं। प्रदेश में ऐसा कोई भी विभाग नहीं है जहां कर्मचारी सरकार के खिलाफ लामबंद ना हो। क्लर्क काफी दिनों से स्ट्राइक पर बैठे हुए हैं। लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा हैं। इसलिए वह सरकार से मांग करते हैं कि क्लर्कों की पे ग्रेड की मांग को सरकार पूरा करे।

रोहतक ||  हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने यह साफ कर दिया हैं कि एनडीए के खिलाफ जो इंडिया नाम से गठबंधन बना हैं वह लोकसभा चुनाव के लिए हैं और हरियाणा में कांग्रेस पार्टी अपने आप चुनाव लड़ने में सक्षम हैं। बाकी बची पार्टियां अपना गठबंधन कर ले। भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने निवास स्थान पर एक प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। यही नहीं भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बाढ़ की स्थिति को लेकर सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए और बाढ़ के दौरान मारे गए नागरिकों के परिवारों को 20 लाख आर्थिक सहायता देने की मांग की।
वहीं भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश में हुए बाढ़ के हालातों के लिए हरियाणा सरकार को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि जनवरी में बाढ़ नियंत्रण को लेकर बैठक में जो बड़ी-बड़ी बातें हरियाणा सरकार ने की थी, वह धरातल पर कुछ भी मौजूद नहीं हैं। जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी थी कि ड्रेन की सफाई करवाने के बाद उसका निरीक्षण करें वह किसी भी अधिकारी ने नहीं किया। जिसकी वजह से इस तरह के हालात बने हुए हैं। यमुना को लेकर भी हरियाणा सरकार की कोई तैयारी नहीं थी और समय रहते कोई भी काम बाढ़ नियंत्रण को लेकर नहीं किया गया और जो अवैध खनन हुआ था उसकी वजह से किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा हैं।

यहीं नहीं अब सरकार लीपापोती की बजाय लोगों को राहत देने का काम करना चाहिए और जो इस बाढ़ आपदा के दौरान नागरिक अपनी जान गवा चुके हैं उनके परिजनों को सरकार 4 लाख की बजाय 20 लाख रुपए मुआवजा दे और जहां तक मौजूदा प्रदेश सरकार अभी भी पोर्टल के सहारे बैठी हुई है तो प्रदेश में अगर पोर्टल इतना जरूरी है तो किसी मुख्यमंत्री और मंत्री की जरूरत नहीं हैं। पोर्टल से ही सरकार चलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार आते ही उन सभी पोर्टल को बंद कर देगी जो जनता के सामने समस्याएं पैदा कर रहे हैं। फसल बीमा योजना के प्रीमियम को बढ़ाए जाने पर भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना केवल निजी कंपनियों को मुनाफा देने के लिए शुरू की गई है और केवल मुनाफाखोरी का काम चल रहा हैं। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनते ही फसल बीमा योजना सरकारी कंपनियों के माध्यम से करवाई जाएगी।