भिवानी में समारोह में अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान दिलवाएंगे शपथ

समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मुख्यअतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलवाएंगे। यह बात आम आदमी पार्टी की जिला अध्यक्षा गीता श्योराण लाखलाण ने शुक्रवार को स्थानीय हांसी गेट स्थित आप कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान कही।

भिवानी || आम आदमी पार्टी द्वारा संगठन को मजबूती देने के लिए प्रदेश स्तर पर बड़ी तेजी एवं गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। जिसके तहत अभी तक 4 हजार नए पदाधिकारियों की नियुक्तियां की जा चुकी है तथा अभी हालही में 30 अगस्त को 1400 सर्कल इंचार्जो की भी नियुक्तियां की गई, जिनका 3 सितंबर को स्थानीय नई अनाज मंडी में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। जिस समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मुख्यअतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलवाएंगे। यह बात आम आदमी पार्टी की जिला अध्यक्षा गीता श्योराण लाखलाण ने शुक्रवार को स्थानीय हांसी गेट स्थित आप कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान कही। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए आप जिला अध्यक्ष गीता श्योराण लाखलाण ने कहा कि 3 सितंबर को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में जनसैलाब उमेडग़ा तथा कार्यक्रम में हजारों की संख्या में भीड़ अपने नेता को सुनने के लिए पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि देश को आजाद हुए 77 साल हो गए, लेकिन आज तक कुछ परिवारों ने ही देश में अपनी मनमानी की है, ऐसे में आप ने सत्ता हासिल की नहीं, व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई छेड़ी है, जिसमें प्रदेश का देश का प्रत्येक नागरिक आप का साथ देने को आतुर है। उन्होंने कहा कि आप ने दिल्ली व पंजाब में शिक्षा, स्वास्थय, महिला विकास को लेकर जो कार्य किए, वो जनता के समक्ष है तथा अब ना केवल हरियाणा, बल्कि देश भर की जनता आप को एक मजबूत एवं ईमानदार विकल्प के रूप में देखने लगी है।

इस दौरान बवानीखेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र धानक व हनुमान प्रसाद रोहिल्ला, तोशाम ब्लॉक अध्यक्ष राकेश बंजारा व दयानंद, लोहारू से सुरेश फौजी व विनोद ने कहा कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आप द्वारा सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई है तथा कार्यकर्ताओं द्वारा निमंत्रण अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस समारोह में हजारों की भीड़ पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए प्रदेश, जिला, ब्लॉक व रूट स्तरीय प्रत्येक कार्यकर्ताओं को निमंत्रण दिया गया है।