चलित सेवा कार्यालय की हुई शुरुआत

[yogender saini, haryana ] लोगों को घर बैठे सरकारी योजनाओं का लाभ दिये जाने को लेकर हरियाणा भाजपा महिला मोर्चा उपाध्यक्ष एडवोकेट डा. नीना सतपाल राठी ने नई पहल करते हुए चलित सेवा कार्यालय की शुरुआत की है। इसके तहत 2 मोबाइल वैन के जरिये लोगों को उनके घर-दहलीज पर अटल सेवा केन्द्रों पर मिलने वाली सुविधा नि:शुल्क दी जाएगी। इस सेवा कार्यालय का शुभारम्भ बृहस्पतिवार को दिल्ली-रोहतक रोड स्थित कार्यालय से भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट डा. नीना सतपाल राठी ने पार्टी से जुड़े काफी नेताओं/ कार्यकर्ताओं व नारी शक्ति की मौजूदगी में रिबन काटकर किया। उन्होंने झंडी दिखा दोनों वैन को रवाना किया। चलायमान वैन सेवा कार्यालय के पहले पहले दिन एक वैन के जरिये गांव कानौंदा तो दूसरी वैन के जरिये गांव कुलासी में लोगों को यह सुविधा उपलब्ध करवाई।

हरियाणा भाजपा महिला मोर्चा उपाध्यक्ष  एडवोकेट डा. नीना सतपाल राठी ने कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर उन्होंने जो चलित सेवा कार्यालय की शुरुआत की है उसके तहत अटल सेवा केन्द्रों पर जो सर्विसेज लोगों को मिलती है उक्त सर्विसेज अब उन्हें उनके घर-दहलीज पर ही मिलेगी। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से महिला मोर्चा की ओर से जो महिला सम्मान यात्रा गांवों में चलाई जा रही है उस यात्रा दौरान काफी महिलाओं ने सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाने को लेकर शिकायत की थी। जिस पर उन्होंने महिलाओं को किसी भी तरह से परेशान न होने को लेकर आश्वस्त किया था कि अब उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने या फिर दूर-दराज जाने की जरूरत नहीं है बल्कि उनके गांव में उनके घर के आगे ही चलित सेवा कार्यालय वैन की सुविधा दी जाएगी। इसके जरिये डिजीटलाइजेशन युग में आयुष्मान कार्ड बनाने, आधार कार्ड बनाये जाने, परिवार पहचान पत्र में जो त्रुटियां है उन्हें ठीक किये जाने समेत अन्य कई सर्विसेज मिलेंगी।